पठानकोट (तरूण/रोहित)
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के चलते पुलिस ने अपने ही दो कर्मचारियों को भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत किया गिरफ्तार
5,सितंबर : माननीय मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को जारी रखते हुए,पठानकोट पुलिस ने एक अवैध खनन माफिया ट्रांसपोर्टर के साथ कथित संबंधों के लिए भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एक एएसआई और एक वरिष्ठ कांस्टेबल पर मामला दर्ज किया है।गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान एएसआई सलविंदर सिंह और सीनियर कांस्टेबल लक्ष्मण के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरकमल प्रीत सिंह खख ने बताया कि रूपिंदर सिंह जेई कॉम खनन निरीक्षक गुरदासपुर ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि वे खनन चौकी पर नशे की हालत में अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और रेत और बजरी से भरे ट्रक आराम से निकाल रहे थे। इस अवैध हरकत के बारे में पूछने पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
एसएसपी ने बताया कि मामले की आंतरिक स्तर पर जांच करने पर सलविंदर और लशमन दोनों का अवैध खनन में संलिप्त ट्रांसपोर्टरों से संबंध पाये गए थे।खनन निरीक्षक की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक सलविंदर सिंह व वरिष्ठ आरक्षक लक्ष्मण के खिलाफ थाना नं 2 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 की धारा 7 व 353, 186, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। खख ने स्पष्ट किया कि वर्दी में काली भेड़ों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी प्रकार के कदाचार में शामिल किसी भी पुलिस अधिकारी/कर्मचारी से सख्ती से निपटा जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग तभी खत्म होगी जब इस खतरे को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा जिसके लिए पुलिस को जनता के सक्रिय सहयोग की जरूरत है।








