बटाला (अविनाश शर्मा)
: जिला पुलिस प्रमुख एस.एस.पी. डॉ. महिताब सिंह के नेतृत्व में जिले में समाज विरोधी तत्वों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बीते दिनों पंजाब रोडवेज डिपो के सामने स्थित दीन दयाल उपाध्याय मार्केट में एक रेस्टोरेंट के बाहर गोलियां चलाकर दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश करने वाले मामले में पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए युवक जैनिंदर सिंह उर्फ जिमी को आज पुलिस द्वारा घटनास्थल पर ले जाकर पूरी मार्केट में परेड करवाई गई, जिसके जरिए आपराधिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एच.ओ. सुखजिंदर सिंह ने बताया कि बीते दिनों कुछ युवकों द्वारा दीन दयाल उपाध्याय मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर गोलियां चलाकर इलाके में दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को नामजद किया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा जैनिंदर सिंह उर्फ जिमी को हरिजा पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था और आज उसे दीन दयाल उपाध्याय मार्केट में लाकर परेड करवाई गई। उन्होंने कहा कि एस.एस.पी. डॉ. महिताब सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत गतिविधियों में शामिल लोग या तो अपने रास्ते बदल लें या फिर सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें, क्योंकि पुलिस किसी भी कीमत पर ऐसे तत्वों को बख्शने के मूड में नहीं है।
इस मौके पर सब इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह, सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह, एस.आई. गुरसेवक सिंह, ए.एस.आई. सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा मामले की जांच अभी भी जारी है और आने वाले एक-दो दिनों के दौरान इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना भी जताई जा रही है।








