फगवाड़ा 10 जनवरी (लाली)
* तरनतारन की घटना के लिये सरकार को बताया जिम्मेवार
: तरनतारन में शिवसेना (यू.बी.टी.)े के वरिष्ठ नेता अश्वनी कुमार कुक्कू के घर पर हुई गोलीबारी की घटना को एक और कायरतापूर्ण कृत्य बताते हुए शिव सेना (यू.बी.टी.) के वरिष्ठ नेता गुररदीप सिंह सैनी एवं फगवाड़ा सिटी प्रधान रमन शर्मा ने इस घटना के लिये प्रदेश की भगवंत मान सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। उन्होंने गोलीबारी की निंदा करते हुए कहा कि देश विरोधी ताकतों के गुर्गों द्वारा इस तरह की कायरतापूर्ण घटनाओं से हिन्दू समाज और नेताओं में डर फैलाने का जो प्रयास किया जा रहा है, उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन बड़ा प्रश्र यह है कि खालिस्तानी तत्वों द्वारा अक्सर इस तरह की घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी भी ली जाती है जो कि पुलिस और सरकार के लिये चुनौती के समान है। बेशक अनेकों आतंकियों और उनके साथी गैंगस्टरों को पुलिस ने काबू किया है लेकिन यह क्रम लगातार अब भी जारी है। पुलिस न तो हिन्दू संगठनों के नेताओं को सुरक्षा दे पा रही है व न ही उनकी जान-माल की रक्षा कर पा रही है। उन्होंने कहा कि अश्विनी कुमार कुक्कू को पिछले कुछ महीनों से एक करोड़ रुपए की फिरौती के लिए खालिस्तान समर्थक द्वारा फोन आना और कुक्कू द्वारा प्रशासन को जानकारी देने के बाद भी इस घटना का हो जाना पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े करता है। सैनी और शर्मा ने कहा कि उनका संगठन भारत की एकता की रक्षा और देशद्रोही ताकतों के विरुद्ध पहले भी डट कर खड़ा रहा और जीवन का बलिदान दिया है और अब भी सहर्ष देश के लिये मर-मिटने को तैयार हैं। मगर भगवंत मान सरकार को बताना चाहिये कि धमकियों और हमलों के बावजूद आखिर हिन्दू नेताओं की सुरक्षा वापस क्यों ले ली जाती है। कभी सुरक्षा कर्मचारी भेज देते हैं तो कभी बिना कुछ बताये वापिस बुला लिये जाते हैं जो कि महज ड्रामेबाजी के सिवा कुछ नहीं है।
तस्वीर : गुरदीप सैनी+रमन शर्मा








