पठानकोट (तरुण )
नैशनल कमीशन ऑफ वूमैन की चेयरपर्सन रेखा शर्मा की ओर से अस्पताल स्थित ‘सखी वन स्टॉप सैंटर’ का किया औचक निरीक्षण
30 सितंबर : नैशनल कमीशन ऑफ वूमैन की चेयरपर्सन रेखा शर्मा की ओर से अस्पताल स्थित ‘सखी वन स्टॉप सैंटर’ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने सैंटर द्वारा पीडि़त महिला को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जांचा तथा स्टाफ द्वारा अब तक पीडि़त महिला को दी गई सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सखी सैंटर का निरीक्षण करने के पश्चात चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने सैंटर की कार्यप्रणाली पर असंतुष्टि जताते हुए कहा कि बिल्डिंग अच्छी होने से कुछ नहीं होता क्योंकि सैंटर की जो स्थिति है वह ठीक नहीं है क्योंकि जो महिलाओं को सहायता मिलनी चाहिए वह अभी तक नहीं मिल पाई है। उन्होंने बिल्डिंग बनाने वाली जगह पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि जिस जगह पर बिल्डिंग बनाई गई है यह बहुत ही गल्त जगह है, क्योंकि जिस उद्देश्य के लिए सैंटर बनाया गया है उसके बारे में महिलाअेां को पता चलना चाहिए जबकि बिल्डिंग पीछे होने के कारण पीडि़त महिलाओं को इसके बारे में जानकारी सही से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सैंटर की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे पंजाब में पठानकोट एक ऐसा सैंटर है कि जहां सबसे कम केस हैं। उन्होंने कहा कि 2019 से खुले सैंटर में अब तक सिर्फ 206 केसों को ही अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब सरकार सभी सैंटरों को एक समान पैसा दे रही है तो पठानकोट सैंटर की कार्यशैली कम क्यों है। उन्होंने कहा कि सैंटर की कार्यशैली को लेकर वह सखी सैंटर की रिपोर्ट केन्द्र को भेजेंगे कि इसे जारी रखा जाए यां इसे बंद कर दिया जाए। अस्पताल पर महिला प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी इस घटना संबंधी जानकारी मिली है जिसके चलते वह इसकी जांच करवाएंगे।








