तेज रफ्तार बोलेरो गाडी ने वाहनों को मारी टक्कर, कई वाहन क्षतिग्रस्त
पठानकोट, (पंकज शर्मा, अविनाश शर्मा) : पठानकोट में तेज रफ्तार एक बोलेरो चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारकर उन्हें नुकसान पहुंचाया। यही नहीं पुलिस पार्टी ने जब उक्त बोलेरो चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने रुकने के बजाय वाहन की स्पीड और बढ़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी कर बाद में उसे काबू कर लिया।
जानकारी के अनुसार एएसआइ सुरिद्र कुमार समेत पुलिस पार्टी ने ट्रक यूनियन मोड़ के पास नाका लगाया था। इसी दौरान एक बोलेरो बड़ी तेज रफ्तार के साथ डलहौजी रोड बाईपास की ओर से आई। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन गाड़ी रोकने के बजाय चालक और तेज रफ्तार से उसे भगा ले गया। पुलिस पार्टी की पीसीआर टीम ने कालेज रोड में जाकर उसे काबू किया। गाड़ी में बैठे तीन युवकों से नाम और पता पूछा। बोलेरो गाड़ी चला रहे युवक ने अपना नाम गीतांशु निवासी आशापूर्णी मंदिर अंदरूनी बाजार, दूसरे युवक ने अपना नाम नीरज निवासी वार्ड नंबर-7 मोहल्ला ईशा नगर और तीसरे युवक ने अपना नाम अंकुश कुमार निवासी मोहल्ला चार्जियां का रहने वाला बताया। पुलिस ने गाड़ी चला रहे गीतांशु द्वारा लापरवाही के साथ गाड़ी चलाकर वाहनों का नुकसान पहुंचाने के मामले में उसके खिलाफ 279, 427 आइपीसी में केस दर्ज किया गया है। थाना दो की पुलिस ने बोलेरा गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।








