बटाला (अविनाश शर्मा ) श्रद्धालुओं, व्यापारियों, पर्यटकों और रेल यात्रियों को कोरोना के बढ़ते प्रकोप से बचाने के लिए रेल प्रशासन को जल्द से जल्द बंद की गई रेल गाड़ियों को शुरू करने के साथ साथ अमृतसर से बटाला होकर माता वैष्णो देवी के दर्शनों को जाने सुबह के समय नई जन शताब्दी गाड़ी चलानी चाहिए ।
यह मांग करते हुए रेल उपभोक्ता सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं ए.बी.पी यात्री वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के प्रधान सुरेश कुमार गोयल ने कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पवित्र गुरु नगरी अमृतसर में स्वर्ण मंदिर, दुर्गयाना मंदिर के दर्शनों और जलियांवाला वाला बाग़ में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर अटारी बॉर्डर पर देश भक्ति से ओतप्रोत परेड का आनन्द लेने आते हैं और यह सभी श्रद्धालु और पर्यटक अमृतसर घूमने के बाद माता वैष्णों देवी के पवित्र दर्शन करने के लिए बटाला के रास्ते रेल द्वारा कटरा जाना चाहते हैं लेकिन दिन में कोई भी रेल गाड़ी ना होने के कारण उन्हें बसों में धक्के खाने के लिए मजबूर होना पड़ता हैं।
श्री गोयल ने आगे बताया कि इसी प्रकार प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पवित्र माता वैष्णों देवी के दरबार मे नतमस्तक होने और दर्शन करने के लिए पूरी दुनिया से पहुंचते हैं जिनके मन की इच्छा होती है कि वे धार्मिक और गुरुओ की नगरी अमृतसर में भी दर्शन कर लें परंतु रेल मार्ग द्वारा दिन में कोई साधन न होने के कारण ट्रांस्पोटरो के शोषण का शिकार होना पड़ता हैं।
सुरेश कुमार ने रेल मंत्री और अधिकारियों से मांग की कि अमृतसर-बटाला-कटरा के लिए पहले के रेल मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीकृत जन शताब्दी गाड़ी को जल्द से जल्द चलाया जाए या चल रही स्पेशल गाड़ियों 04639-04640 और 04605-04606 जिनको बंद कर दिया गया है को दोबारा प्रतिदिन चलाया जाए । इस अवसर पर आर्किटेक्ट कीमती लाल, डॉक्टर कुलजोत सिंह,मनमोहन सोनी,हरपाल सिंह, भूपिंदर सिंह, रजत मेहरा, विपन कुमार, कुलजोत सिंह सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।








