पठानकोट 19 जनवरी (ब्यूरो) : विधानसभा चुनाव व सर्दी में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की आशंका को लेकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ-साथ जिला पुलिस पूरी तरह से चौकस है। पाकिस्तान की ओर से बार्डर एरिया के रास्ते असामाजिक तत्व व आपत्तिजनक सामग्री भारत की सीमा में न आ सके, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सेकंड लाइन आफ डिफेंस को मजबूत करते हुए बड़े स्तर पर सर्च आपरेशन चलाए जा रहे हैं।
इसी के तहत जिला पुलिस की ओर से बीएसएफ घातक कमांडो, स्वैट कमांडो के साथ सर्च आपरेशन चलाया गया। इस दौरान एसपी हेड क्वार्टर बरिदर प्रीत सिंह के नेतृत्व में गांव पहाड़ीपुर में सर्च की गई। मंड एरिया के पूरे क्षेत्र का चप्पा चप्पा खंगला गया। एसपी हेड क्वार्टर बरिदर प्रीत सिंह व एएसपी तुषार गुप्ता ने कहा कि पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों को भी जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति के गांव में पहुंचने की सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर चौकसी बरती जा रही है ताकि चुनाव शांतिपूर्वक तरीके से करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि सीमा पार से हथियार और नशे की सप्लाई इस क्षेत्र में ना भेजी जा सके इसके लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। डीएसपी ग्रामीण जगदीश राज, डीएसपी सतपाल सिंह, पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह, पुलिस चौकी बमियाल के प्रभारी तरसेम सिंह भी सर्च आपरेशन के दौरान मौजूद रहे।








