पठानकोट(ब्यूरो रिपोर्ट)
20 जनवरी : गत दिनों वार्ड नंबर-27 के सुंदरनगर में एक मकान की छत से गिरकर 4 वर्षीय बच्चे प्रिंस की मृत्यु हो गई थी,जिसके परिवार के साथ दुख प्रकट करने के लिए आज उनके घर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर विक्रम महाजन पहुंचे।जिन्होंने परिवार के साथ शोक व्यक्त करते हुए बच्चे की मृत्यु के कारणों को घर की खस्ता हालत बताया और प्रधानमंत्री गरीब आवास कल्याण योजना का इस गरीब परिवार को लाभ ना मिलने पर अपना रोष भी प्रकट किया।सीनियर डिप्टी मेयर विक्रम महाजन ने कहा कि 4 वर्षीय प्रिंस अपने घर की छत जिसके किनारों पर दीवारे तक नहीं है वह छत से गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई इसके जाने का दुख इसके परिवार को हमेशा खलता रहेगा।उन्होंने कहा कि उक्त पीड़ित परिवार के घर की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि सभी दीवारों पर दरारें आ चुकी हैं और छत की बुरी स्थिति में होने के कारण कभी भी अप्रिय हादसा घटित हो सकता है।उन्होंने रोष प्रकट करते कहा कि इस परिवार के घर की इतनी बुरी स्थिति क्या किसी वालंटियर या आवास योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने वाले लोगों को नहीं दिखी,अगर इस परिवार को घर की मरम्मत हेतु योजना के द्वारा फंड मिला होता तो यह परिवार अपने घर की मरम्मत करवाने के साथ-साथ छत के चारों ओर दीवार भी खड़ी कर पाता और आज उनका बच्चा इस हादसे में अपनी जान ना गंवाता। उन्होंने कहा कि जो जरूरतमंद लोग हैं, जिन्हें ऐसी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए,ऐसे कई लोगों तक यह फंड नहीं पहुंचा है।उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे गरीब लोगों तक योजनाओं का फंड पहुंचाने के लिए उचित प्रयास किए जाएं ताकि आगे किसी भी परिवार के साथ इस कारण से कोई भी अप्रिय हादसा ना हो।








