दसूहा (चौधरी)
: आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी जालंधर के अधीन बीबी अमर कौर जी एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा स्थापित के.एम.एस. कॉलेज ऑफ आई.टी. एंड मैनेजमेंट, चौधरी बंता सिंह कॉलोनी दसूहा में सरकारी अस्पताल दसूहा द्वारा ‘डेंगू मुक्त पंजाब’ अभियान के तहत विद्यार्थियों और अध्यापकों के लिए एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। डॉ. मनमोहन सिंह, एस.एम.ओ. सरकारी अस्पताल दसूहा के निर्देशों के अनुसार, अस्पताल की स्वास्थ्य टीम जिसमें गुरनाम सिंह, नेहा, कमल किशोर, देवेंद्र सिंह और लवप्रीत सिंह शामिल थे, ने डेंगू रोग संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। सेमिनार में विद्यार्थियों को बताया गया कि डेंगू एक मच्छरों के माध्यम से फैलने वाली बीमारी है, जो खासकर एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। लोगों को सतर्क रहने और अपने घरों, स्कूलों-कॉलेजों तथा आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि पानी के जमाव को रोकना, टंकियों को ढंक कर रखना, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलना और मच्छरनाशक दवाइयों का प्रयोग करना आवश्यक है। इस अवसर पर टीम द्वारा पूरे कॉलेज का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें सब कुछ सही पाया गया। इस अवसर पर के.एम.एस. कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. शबनम कौर ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से विद्यार्थियों में निरोग जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने सरकारी अस्पताल दसूहा की टीम का धन्यवाद करते हुए आशा जताई कि इस तरह की गतिविधियाँ भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी। सेमिनार के अंत में विद्यार्थियों ने ‘डेंगू मुक्त पंजाब’ अभियान में अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाने और समाज में डेंगू की रोकथाम हेतु योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. मानव सैनी, एच.ओ.डी. डॉ. राजेश कुमार, मनप्रीत कौर, डॉ. वीनस, रजनी, निकिता ठाकुर, नीलम भट्टी, भारती शर्मा और विद्यार्थी उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन : सेमिनार के दौरान सरकारी अस्पताल दसूहा की टीम के साथ कॉलेज मैनेजमेंट और स्टाफ।








