दसूहा,13 नवंबर (प्राइम पंजाब टाइम्स )
पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर किया जाएगा चिट्टे का जड़ से खात्मा – नायव सिंह सैनी
: आज दसूहा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का समस्त भाजपा पदाधिकारीयों, कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।अपने संबोधन में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए नायव सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य की कानून-व्यवस्था, नशे, व्यापारियों से फिरौती की मांग और विकास के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि कभी देश में अग्रणी राज्यों में शामिल पंजाब आज कई क्षेत्रों में पिछड़ गया है।मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। नित प्रतिदिन कई घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां तक कि छोटे शहरों में भी छोटे व्यापारियों को गैंगस्टरों द्वारा फिरौती की धमकियां दी जा रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार तथा कांग्रेस ने पंजाब के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जिसके कारण पंजाब विकास की दौड़ में पिछड़ गया है।
नशे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब से नशा खत्म करने का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज स्थिति यह है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को भी गोलियों का सामना करना पड़ रहा है तथा प्रदेश का युवा वर्ग नशे की समस्या से जूझ रहा है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया है कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक चिट्टे को जड़ से समाप्त किया जाएगा। क्योंकि भाजपा अपने वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है।
हरियाणा की योजनाओं का किया जिक्र
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब को हरियाणा का बड़ा भाई बताते हुए कहा कि पंजाब ने हरियाणा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने हरियाणा सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को एमएसपी, महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह और बुजुर्गों को मान-सम्मान भत्ता जैसी योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, भाजपा शासित राज्यों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भाजपा को लेकर लोगों में भय पैदा करके उन्हें गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं।
हरियाणा में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल का दावा
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में व्यापारी वर्ग उद्योग स्थापित करने को प्राथमिकता दे रहा है, क्योंकि सरकार द्वारा कारोबारियों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध करवाया जा रहा है और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जा रही। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसान खुशहाल हैं और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
माइनिंग के मुद्दे पर कांग्रेस और आप को घेरा
क्षेत्र में हो रही माइनिंग के मुद्दे पर बोलते हुए नायब सिंह सैनी ने इसके लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी रैली को संबोधन किया।इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र निवासी उपस्थित थे।







