बटाला, 10 अगस्त (अविनाश शर्मा)
: पूजनीय आनंदमूर्ति गुरु मां के परम शिष्य महात्मा हरि मिलन जी एवं योगिनी हरि जी का अमृतसर स्थित गार्डन ग्रीन गुरु मां ध्यान केंद्र पहुंचने पर साधकों द्वारा पुष्पमालाएं भेंट कर श्रद्धा एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। दोनों संतों की दिव्य उपस्थिति से ध्यान केंद्र का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
इस अवसर पर गुरु मां के साधकों ने पूर्ण एकाग्रता के साथ सामूहिक ध्यान किया और आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव प्राप्त किया। महात्मा हरि मिलन जी ने साधकों को नियमित ध्यान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक साधक को सप्ताह में छह दिन घर पर नियमित रूप से ध्यान करना चाहिए तथा एक दिन ध्यान केंद्र में सामूहिक ध्यान एवं कीर्तन में अवश्य शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक ध्यान के दौरान सकारात्मक एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रभाव अधिक व्यापक होता है, जिससे मन को स्थिरता, शांति और सकारात्मकता प्राप्त होती है।
महात्मा हरि मिलन जी ने बताया कि 13 अगस्त को लगातार चौथे वर्ष देश-विदेश में स्थित गुरु मां के प्रत्येक ध्यान केंद्र में एक ही दिन और एक ही समय पर विशेष ‘योग निद्रा’ सत्र आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने साधकों से आह्वान किया कि योग निद्रा के इस आध्यात्मिक अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए और आमजन को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसके लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान एवं योग निद्रा व्यक्ति को अपने भीतर झांकने, मन को शांत करने तथा जीवन में सकारात्मकता बढ़ाने की दिशा में प्रेरित करते हैं। इस प्रकार के सामूहिक आध्यात्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच का प्रसार करना है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव से आरती की गई। इसके पश्चात साधकों में प्रसाद वितरित किया गया। पूरा ध्यान केंद्र गुरु मां के जयकारों, भक्ति भावना और आध्यात्मिक शांति से सराबोर नजर आया।








