बटाला, 26 जून (अविनाश शर्मा)
: बटाला के नजदीकी गांव हरदो झंडे में कथित तौर पर फिरौती मांगने को लेकर देर रात एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो अज्ञात हमलावरों ने लखबीर सिंह के घर के मुख्य गेट पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। आरोपियों ने फायरिंग की पूरी घटना का वीडियो बनाकर परिवार के बेटे को भेज दिया और साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार के मुखिया लखबीर सिंह पुत्र दर्शन सिंह ने बताया कि वीडियो के साथ भेजे गए संदेश में कथित रूप से फिरौती की रकम नहीं देने पर उनके पिता की हत्या करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने यह भी कहा कि जब वे घर पर गोलियां चला सकते हैं, तो परिवार के किसी भी सदस्य को निशाना बनाना उनके लिए मुश्किल नहीं है।
घटना के तुरंत बाद परिवार ने गांव के सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही थाना सदर बटाला की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
थाना सदर बटाला के एसएचओ बिक्रम सिंह ने बताया कि गांव हरदो झंडे में लखबीर सिंह के घर पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, लखबीर सिंह ने बटाला पुलिस से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि धमकी मिलने के बाद पूरा परिवार भय और दहशत के साये में जी रहा है तथा उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।








