फगवाड़ा (लाली दादर)
* वाहनों पर कान फाड़ू साऊंड के शोर से जनता परेशान : रुपेश धीर
9 मार्च : भगवंत मान सरकार के राज में अलगाववादी ताकतों की सक्रियता और सडक़ों पर गुंडागर्दी ने कानून व्यवस्था को छीके पर टांग दिया है। यह बात शिव सेना (उद्धव) की प्रदेश इकाई के महासचिव गुरदीप सैनी, सिटी प्रधान रमन शर्मा व युवा इकाई पंजाब के उपाध्यक्ष रुपेश धीर ने आज यहां वार्तालाप में कही। गुरदीप सैनी ने कहा कि होला मोहल्ला समागम के दौरान कनाडा पी आर हासिल कर लौटे युवक की बीच सडक़ की गई हत्या से हरेक पंजाबी सदमे में है। उस युवक का दोष मात्र यह था कि वह वाहनों पर ऊंची आवाज में साऊंड सिस्टम बजाने से रोक रहा था जबकि यह जिम्मेवारी पंजाब पुलिस की है जिसे आदेश भगवंत मान सरकार की ओर से दिया जाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब की कानून व्यवस्था को दूसरे राज्यों से बेहतर बताये जाने पर सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि देश के किस राज्य में अलगाववादी भीड़ ने थाने पर कब्जा किया और सरकार ने एफ.आई.आर. तक दर्ज नहीं करवाई। शिव सेना नेता ने कहा कि बेशक सरकार ने अमृतपाल सिंह के साथियों के असला लाईसेंस रद्द कर दिये मगर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन तो अब भी जारी है जिसे रोका जाना चाहिए। इस दौरान शिव सेना की यूथ इकाई युवा सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष रुपेश धीर ने कहा कि खास तौर पर ट्रैक्टरों के ऊपर भारी भरकम साऊंड सिस्टम लगा कर युवाओं का एक खास वर्ग माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों की सरेआम अवहेलना कर रहा है मगर लगता है कि प्रदेश सरकार ने पुलिस के हाथ बांध रखे हैं क्योंकि ट्रैक्टरों पर बजने वाला कान-फाड़ू बेस वाला संगीत जहां बजुर्गों व बिमारों को विचलित करता है वहीं दुर्घटनाओं को भी निमंत्रण दे रहा है लेकिन इन लोगों के न तो चलान काटे जाते हैं और न ही म्यूजिक सिस्टम जब्त किये जा रहे हैं। सिटी प्रधान रमन शर्मा ने भी पंजाब की भगवंत मान सरकार से पुरजोर मांग कर कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को दरुस्त बनाया जाए ताकि लोग चैन की सांस ले सकें।
तस्वीर सहित।








