अति संवेदनशील श्रेणी में पठानकोट,एसएसपी कार्यालय व डीसी कांप्लेक्स में बढ़ाई सुरक्षा
पठानकोट, (सूरज,अविनाश शर्मा ) : पंजाब पुलिस के मोहाली इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर में बम ब्लास्ट की घटना के बाद अतिसंवेदनशील श्रेणी में माने जाने वाले सीमांत जिला पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस नाके लगाने के साथ ही डीसी कांप्लेक्स और एसएसपी कार्यालय की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही कोर्ट कांप्लेक्स की सुरक्षा को भी और कड़ा कर दिया गया है। नाके लगाकर वाहनों की चेकिग की जा रही है और हर छोटी-छोटी गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
डीसी कांप्लेक्स में डीसी, एसएसपी कार्यालय से लेकर लगभग सभी विभागों के कार्यालय हैं। इसके चलते यहां पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग अपने काम करवाने के लिए आते हैं। यहां सुरक्षा प्रबंधों को बढ़ाते हुए अब तहसील कार्यालय की तरफ जाते मुख्य गेट पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कांप्लेक्स के भीतर जाने वाले हर व्यक्ति से गेट पर तैनात पुलिस कर्मी पूछताछ करते हैं और इसके बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। पंजाब की शांति भंग करने के लिए मोहाली में किए गए ब्लास्ट की घटना को गंभीरता से लेते हुए खुफिया एजेंसियों सहित जिला पुलिस शांति भंग करने की मंशा रखने वालों की नापाक मंशा को विफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। बीते दिनों हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में विधानसभा के बाहर खालिस्तान के झंडे लगाए जाने की घटना के बाद से भी हिमाचल से सटे जिला पठानकोट में भी खालिस्तानी नेटवर्क को विफल बनाने के लिए एजेंसी पूरी सतर्कता बरत रहीं हैं। मोहाली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार निशान सिंह के तार जिला गुरदासपुर से भी जुड़े होने के चलते सीमांत जिले पठानकोट में भी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक निशान सिंह पर अमृतसर, फरीदकोट, मोगा सहित पठानकोट के साथ लगते जिला गुरदासपुर में नशा तस्करी, स्नैचिग सहित अन्य अपराधों में केस दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिला पुलिस की ओर से खालिस्तानी समर्थकों की शिनाख्त कर उनकी सूची भी तैयार की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों जिले के सुंदरचक्क इलाके में स्थित लाहड़ी महंता गांव के शमशान घाट की दीवार पर खालिस्तान समर्थकों की ओर से खालिस्तान के समर्थन में नारे भी लिखे गए थे। हालांकि, इस मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, पर सूत्रों की मानें तो मोहाली ब्लास्ट के बाद पुलिस अब अन्य एजेंसियों की मदद से जिले में खालिस्तानी समर्थकों की शिनाख्त कर उनकी सूची तैयार कर रही है।








