बटाला, 10 अप्रैल (अविनाश शर्मा)
पुलिस द्वारा गोली चलाने वाले व्यक्तियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार : डी.एस.पी संजीव कुमार
: थाना सेखवां के अंतर्गत आते गांव ग्रंथगढ़ में स्थित एक घर पर विगत देर रात्रि मोटर साइकिल सवार 3 व्यक्तियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई और मौके से फरार हो गए।
इस संबंधी जानकारी देते हुए घर के मालिक गुरप्रीत सिंह निवासी गं्रथगढ़ ने बताया कि विगत रात्रि करीब 10 बजे वह अपने घर में सो रहे थे कि इस दौरान मोटर साइकिल पर सवार होकर 3 व्यक्ति उनके घर के बाहर आए जिनमें से 2 व्यक्तियों द्वारा पिस्टल से उनके घर के मेन गेट और गेट साथ ही एक दुकान के शटर पर करीब 7 फायर किए गए और मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनमें से एक गोली उनके घर के अंदर गेट में भी लगी है। उन्होंने कहा कि यह सारी वारदात घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी कैमरे में कैद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उनका गांव के ही कुछ व्यक्तियों के साथ झगड़ा चल रहा है और उनको शक है कि उन्होंने ने ही उनके घर पर फायरिंग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंधी उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया है।
वहीं दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलने के बाद डी.एस.पी सिटी संजीव कुमार पुलिस पार्टी सहित घटना स्थल पर पहुंचे और घटना का जाजया लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंधी और जानकारी देते हुए डी.एस.पी सिटी संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और गोली चलाने वाले व्यक्तियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा पुलिस को जो भी बयान दर्ज करवाए जाएंगे उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।








