जिले में कोरोना के बच्चों सहित 13 केस पॉजिटिव आने से विभाग की चिंता बढ़ी
पठानकोट, 29 जून (अविनाश शर्मा, तरुण ) :जिले में बुधवार का दिन कोरोना को लेकर चिंता भरा आया जब पिछले कई महीनों के बाद जिले में 13 लोग कोरोना से पॉजिटिव पाए गए है। एक दिन में इतने पॉजिटिव केस आने से जहां विभाग की चिंता बढ़ी है वहीँ लोगों में भी इस बात को लेकर भय की स्थिति उत्पन्न हो गई है कि क्या जिले में कोरोना की चौथी लहर तो नहीं आ गई है। क्योंकि पिछले कई दिनों से जिले में लगातार कोरोना के केसों में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को 13 पॉजिटिव केस आने के साथ ही जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है जो पिछले चार महीनों के बाद इतनी संख्या पहुंची है। बुधवार को जो 13 लोग पॉजिटिव निकले है उन में से 7 पॉजिटिव ग्रामीण क्षेत्र से है तथा 6 लोग अर्बन क्षेत्र से है जिनमे एक 2 साल की बच्ची के साथ साथ दो तीन-तीन साल के दो बच्चे शामिल है। इस संबध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डा.रूबिन्द्र कौर ने बताया कि जिले में अब तक 24,633 लोग कोरोना से पॉजिटिव हो चुके हैं जिनमें से 24,114 लोग रिकवर हो चुके हैं और कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 499 पहुंच गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 111 सैंपल एकत्रित किए है जिनकी रिपोर्ट आना शेष है।
इन क्षेत्रों में पाए गए पॉजिटिव केस
बुधवार को जो 13 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें से 58 वर्षीय महिला बधानी से, 52 वर्षीय व्यक्ति बुंगल, 33 वर्षीय महिला गांव अजीजपुर से, 70 वर्षीय वृद्घ रानीपुर से, 83 वर्षीय वृद्घ डलहोजी रोड से, 26 वर्षीय व्यक्ति शांत बिहार से, 10 वर्षीय बच्चा व उसकी 29 वर्षीय माता गांव छोटेपुर से, 25 वर्षीय महिला पठानकोट से तथा 35 वर्षीय महिला दौलतपुर से पॉजिटिव पाई गई है। सिविल सर्जन डा.रुबिन्द्र कौर ने बताया कि इन 13 केसों में से 4 लोगों की आर.टी.पी.सी.आर. अमृतसर से, दो लोगों की निजी लैब से तथा 7 लोगों की रैपिड एंटीजन टैस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
कार्यकारी एस.एम.ओ ने सुचेत रहने के लिए किया आग्रह
जिले में लगातार एक्टिव केसों की संख्या में बढ़ोतरी होने के चलते विभाग के अधिकारियों ने भी चिंता प्रकट की है। कार्यकारी एस.एम.ओ डॉ सुनील चांद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केसों में अचानक वृद्धि होना चिंता की बात है अगर लोग इसकी और ध्यान नहीं देंगे तो आने वाले समय में कोरोना की स्थिति विकट भी हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचने के लिए सिर्फ एक ही उपाय है कि कोविड को लेकर जो नियम बनाये गए है उसकी पालना की जाए।
2121 लोगों को लगी वैक्सीन की डोज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को लगाए गए कैंपों में 2121 लोगों ने वैकसीन को डोज लगी। जिसमें 15 लोगों ने पहली, 2007 लोगों ने दूसरी व 99 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई। जानकारी देते हुए मांग मीडिया इंचार्ज विजय ठाकुर ने बताया कि अब तक 5,62,321 लोगों को पहली, 4,85,404 लोगों को दूसरी व 50,213 लोगों को बूस्टर डोज लग चुकी है। जिसके चलते जिले में अब तक 10,55,898 लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है।
फोटो :जानकारी देेते हुए कार्यकारी एस.एम.ओ. डा.सुनील चांद








