जुगियाल 24 नवंबर( हैप्पी)
: धार ब्लाक के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत भंगूड़ी में जंगल के बीच बकरियां चराने गए व्यक्ति पर बाघ द्वारा हमला कर उसे घायल कर देने का मामला ध्यान में आया है। इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुऐ पीड़ित ज्ञान सिंह निवासी वार्ड नंबर दो मोहल्ला पलाह ऊपरला ने बताया कि वह शनिवार को सुबह पुराना भट्ठा के निकट अपनी बकरियों को चरा रहा था कि जंगली बाघ ने पीछे से हमला कर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनके सिर पर चोट आई है। उन्होंने वन्य जीव विभाग से इस क्षेत्र में पिंजरा लगा उक्त जंगली बाघ को पकड़ने की मांग की है ताकि फिर से वह किसी अन्य व्यक्ति पर हमला कर अपना शिकार ना बना पाए। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है। क्षात रहे कि पहले ही पिछले कुछ समय से बाघ से डर का माहौल चल रहा है और बाघ पहले भी बकरियों और भेड़ों को शिकार बना चुका है। जिस से जंगल में जाने वाले लोगों को बाघ का ख़ौफ़ है।
वहीं जब इस घटना के संबंध में वन्य जीव विभाग के गार्ड अभ्यास सैनी के साथ उनके मोबाइल फोन नंबर पर बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि जब उन्हें घटना के संबंध में सूचना मिली तो वह मौके पर गए थे। हमारी जांच पड़ताल में उक्त व्यक्ति के सिर पर लगे नाखून जंगली बाघ के नहीं थे क्योंकि हमारी ओर से उस जगह के आसपास बारीकी से जांच पड़ताल की तो हमें बाघ के पांव के कोई भी निशान नहीं मिले। उन्होंने बताया कि अगर यह हमला बाघ ने किया होता तो सिर पर जख्म काफी गहरा और बड़ा होता क्योंकि बाघ के नाखून बड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि यह नाखून के निशान अन्य कोई जंगली जानवर के हो सकते हैं क्योंकि धार के जंगलों में कई प्रकार के जंगली जानवर रहते हैं। उन्होंने बताया कि व्यक्ति काफ़ी घबराया हुआ है लेकिन यह जंगली बाघ के नाखून के हमले से लगी चोट नहीं है।
फ़ोटो 1 घायल ज्ञान सिंह सिर पर लगी चोट दिखाते हुए।
फ़ोटो 2 गार्ड अभ्यास सैनी।








