बटाला, 18 जनवरी (अविनाश शर्मा)
बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने सहभागिता कर बनाया भक्तिमय वातावरण
: दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित की जा रही श्री कृष्ण कथा अमृत के शुभारंभ अवसर पर दारा सलाम प्रेम नगर क्षेत्र पूरी तरह भक्तिरस में डूबा नजर आया। रविवार को निकाली गई भव्य शोभा यात्रा के दौरान इलाके की हर गली “हरे कृष्णा, हरे राम” के मधुर भजनों से गूंज उठी, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति भाव से भर गया।
शोभा यात्रा की शुरुआत श्री शिव दुर्गा मंदिर, प्रेम नगर (दारा सलाम) से ज्योति प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या, बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक, श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुई। माताओं-बहनों ने भजनों में भाग लेकर धार्मिक परंपराओं को सशक्त किया, वहीं पुरुष वर्ग ने कीर्तन एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा घरों की छतों और दरवाजों से फूलों की वर्षा कर ज्योति का स्वागत किया गया। जगह-जगह पर भक्तों द्वारा पानी एवं प्रसाद की सेवा भी की गई। दारा सलाम प्रेम नगर की संकरी गलियां भी इस दौरान किसी तीर्थ स्थल का रूप धारण किए हुए दिखाई दीं और पूरे क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलता नजर आया।
शोभा यात्रा विभिन्न गलियों से होती हुई पुनः श्री शिव दुर्गा मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई, जहां विधिवत आरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और सामूहिक एकता की अनुपम मिसाल देखने को मिली।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंडित शंभू प्रसाद शर्मा ने बताया कि श्री कृष्ण कथा अमृत का पावन आयोजन 18 से 22 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से 9 बजे तक शीतला माता मंदिर, समाध रोड, बटाला में किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान, सचिव, अन्य सदस्यगण, मोहल्ले के एम.सी. सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक-धार्मिक नेता भी उपस्थित रहे।








