नगर निगम पठानकोट द्वारा प्लास्टिक लिफाफों को लेकर दुकानों में की गई चैकिंग
पठानकोट 19,जुलाई(तरूण/रोहित) : मंगलवार के दिन नगर निगम पठानकोट की ओर से प्लास्टिक लिफाफों को लेकर शहर में दुकानों की चैकिंग की गई।इस मौके भारी मात्रा में प्रतिबंधित लिफाफे और डिस्पोजेबल सामान भी बरामद किया गया।हेल्थ अफसर डॉ. एनके सिंह के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान में नगर निगम की टीम की ओर से 3 दुकानों के चालान काटे गये और कम मात्रा में सामान मिलने वाली दुकानों के मालिकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।टीम में डॉ. एनके सिंह के अलावा चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह,चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर जानू चलौत्रा,सेनेटरी इंस्पेक्टर रमेश दरोगा व अन्य कर्मचारी शामिल थे।डॉ. एनके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दुकानदारों की मांग पर शहर के दुकानदारों को प्लास्टिक का सामान हटाने के लिए समय दिया गया था। 1 जुलाई से सरकार ने प्लास्टिक की चीजों पर बैन घोषित किया था। 19 दिन तक किसी दुकानदार को इस बारे पूछा नहीं किया गया।परन्तु अब 19 दिनों बाद एकदम से अभियान शुरू करना पड़ा है।जिसमें 3 दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया है।तीनों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि इस चालान में 5 से 25 हजार तक जुर्माना वसूल किए जाने का प्रावधान है। डॉ. एनके सिंह ने कहा कि सरकार की सख्ती के बाद लोगों को भी आगे आना चाहिए।उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक 200 साल तक खत्म नहीं होता।उन्होंने कहा कि ग्राहक खुद प्लास्टिक की थैली में सामान लेने से इन्कार करें।उन्होंने कहा कि अगर शहरवासी सहयोग दें तो पठानकोट को कचरा मुक्त बनाया जा सकता है और पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक बैन में सहयोग करना भी सभी का भी फर्ज बनता है।








