बटाला(ब्यूरो )
29 नवंबर : गत रात्रि बटाला के निकटवर्ती गांव घसीटपुर के समीप पैट्रोल पंप हाईवे पर मामूली बात को लेकर एक दोस्त द्वारा दूसरे दोस्त की गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में थाना सदर में की गई प्रैस कान्फ्रैंस को संबोधित करते हुए एस.एस.पी बटाला आई.पी.एस सतिन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में अमृतपाल सिंह पुत्र लेट सरूप सिंह निवासी घसीटपुर कलां ने बताया कि तिथि 28 नवबर को वह अपने दोस्त अजीतपाल सिंह पुत्र लेट प्यारा सिंह निवासी गांव शेखूपुर के साथ अपनी कार सविट के साथ समय करीब रात 8:30/9 बजे सब वे और पैट्रोल पंप गांव घसीटपुर हाईवे पर खड़े थे कि इस दौरान बटाला साइड से एक सविट कार आई जिसमें से एक व्यक्ति जिसने अपना मुंह ढक्का हुआ था कार में से उतरा और उसने अपने पिस्तौल से मार देने की नीयत से पहले अजीतपाल सिंह पर गोली चलाई जो उसकी बाई गाल के जबाड़े में लगी और अजीतपाल सिंह ने अपने बचाव हेतु अपने लाइसैंसी रिवालवर से उक्त व्यक्ति पर फायर किया। अमृतपाल सिंह ने आगे बताया कि इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उस पर भी गोली चलाई परन्तु वह किसी तरह बच गया। उसने आगे बताया कि इसके बाद उसने भी अपने लाइसैंसी पिस्तौल से 2 फायर किए, जिसके बाद उक्त व्यक्ति अपने पिस्तौल के साथ कार में बैठ कर जैंतीपुर साइड की तरफ भाग गया और कार के शीशे पर काली जाली लगी होने के चलते उसे पता नहीं लगा कि उक्त व्यक्ति के साथ कार में कितने व्यक्ति सवार हैं। अमृतपाल सिंह ने आगे बताया कि इसके बाद वह अजीतपाल सिंह को इलाज हेतु एस्कोर्ट/फोर्टिस अस्पताल अमृतसर लेकर गया जहां डाक्टरों ने अजीतपाल सिंह को मृतक घोषित कर दिया।

एस.एस.पी सतिन्द्र सिंह ने आगे बताया कि इस संबंध में पुलिस द्वारा अमृतपाल सिंह के बयानों के आधार पर मुकद्दमा नं. 169 विभिन्न धाराओं के तहत थाना सदर में दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच हेतु उनके द्वारा एस.पी इनवैस्टीगेशन गुरप्रीत सिंह गिल, डी.एस.पी फतेहगढ़ चूडिय़ां सरवनजीत सिंह और थाना सदर के एस.एच.ओ सुरिन्द्रपाल सिंह तथा सी.आई.ए स्टाफ बटाला के इंचार्ज दलजीत सिंह पड्डा सहित विभिन्न टीमों का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि जांच दौरान यह बात सामने आई कि अजीतपाल सिंह और अमृतपाल सिंह आपस में अच्छे दोस्त थे, परन्तु अजीतपाल सिंह अमृतपाल सिंह के साथ इस बात को लेकर इतराज करता था कि वह उसके शरीके के साथ क्यों संबंध रखता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान गत रात्रि दोनों में बहस हो गई और इस बहस दौरान अमृतपाल सिंह ने अजीतपाल सिंह को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि यह सारी घटना पैट्रोल पंप जैंतीपुर के समीप एक होटल में हुई और उक्त होटल के मालिक गुरमुख सिंह पुत्र नरिन्द्र सिंह निवासी गांव शेखूपुर कलां जो अमृतपाल सिंह का रिश्तेदार है, उसने इस वारदात में अमृतपाल सिंह की पूरी मदद की। एस.एस.पी बटाला ने बताया कि इसके बाद अमृतपाल सिंह व गुरमुख सिंह ने अजीतपाल सिंह के शव को कार में रखा और उसको फोर्टिस अस्पताल ले गए। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्तियों ने पुलिस को गुमराह करने हेतु एक झुठी कहानी बनाई और रास्ते में खुद ही कार पर फायरिंग की तांकि झूठी कहानी को सच साबित किया जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अमृतपाल सिंह को गिरतार कर लिया है और उसके पास से वारदात समय इस्तेमाल किया गया लाइसैंसी पिस्तौल बरामद कर लिया जबकि गुरमुख सिंह अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। इस अवसर पर उनके साथ एस.पी गुरप्रीत सिंह गिल, डी.एस.पी सरवनजीत सिंह, एस.एच.ओ सुरिन्द्रपाल सिंह आदि उपस्थित थे।
कैप्शन-एस.एस.पी बटाला सतिन्द्रपाल सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारी प्रैस कांन्फ्रैस दौरान,काबू की गई गाड़ी एवं आरोपी अमृतपाल सिंह।








