दसूहा (विमल पराशर)
: डीएवी कॉलेज दसूहा में पीसीसीटीयू की स्थानीय इकाई ने सभी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग की राशि जारी न करने,सभी कर्मचारियों का सीपीएफ एक समान न काटने, तथा पदोन्नति का बकाया जारी न करने के विरोध में प्रबंधन के खिलाफ आज एक दिवसीय भूख हड़ताल की।
स्थानीय इकाई के उपाध्यक्ष डॉ. अमनदीप राणा ने बताया कि आज डीएवी कॉलेज के संस्थापक महात्मा हंस राज जी का जन्मदिन है और विडंबना यह है कि आम लोगों को शिक्षा से जोड़ने वाले महात्मा जी के जन्मदिन पर स्टाफ को अपने हकों के लिए भूख हड़ताल पर बैठना पड़ रहा है। प्रबंधन ने महात्मा जी द्वारा दी गई शैक्षणिक निधि को लाभ कमाने वाली संस्था के रूप में देखना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों और अपने परिवारों के भरण-पोषण के लिए भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ा है।
इकाई सचिव डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि यह विडंबना है कि एक तरफ प्रबंधन हिमाचल की ठंडी वादियों में अपने चहेतों के साथ महात्मा जी का जन्मदिन मना रहा है और दूसरी तरफ पैसे कमाने वाले कॉलेज व स्टाफ सदस्य धरने व भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर हैं। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि आज पंजाब के हर डीएवी कॉलेज में स्टाफ ने अपनी जायज मांगों को लेकर मैनेजमेंट के खिलाफ पूरे दिन की भूख हड़ताल की है और अगर मांगें नहीं मानी गई तो अगला कदम 29 अप्रैल को दिल्ली स्थित डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के समक्ष शांतिपूर्ण धरना देने की योजना बनाई गई है। अगर मैनेजमेंट ने अब भी स्टाफ की जायज मांगों को नहीं माना तो स्टाफ को अपने हक हासिल करने के लिए कड़े फैसले लेने पड़ेंगे।








