प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बनाए जा रहे हैं गांवों में मल्टीपर्पज स्पोर्टस पार्क : गुरमीत सिंह मीत हेयर
– कैबिनेट मंत्री ने दसूहा के गांव खैरा कोटली ने में बन रहे मल्टीपर्पज स्र्पोट्स पार्क का किया मुआयना
– 52 लाख रुपए का लागत से बन रहे स्पोर्टस पार्क में नौजवानों, बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए है विशेष सुविधाएं उपलब्ध
होशियारपुर / दसूहा 18 जुलाई(चौधरी) : कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के गांवों में मल्टीपर्पज स्पोर्टस पार्क बनाए जा रहे हैं ताकि प्रदेश के युवा की ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार खिलाडिय़ों की बुनियादी जरुरतों पर फोकस कर रही है। वे आज दसूहा के गांव खैरा कोटली में बन रहे मल्टीपर्पज स्र्पोट्स पार्क का मुआयना करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ विधायक दसूहा श्री कर्मवीर सिंह घुम्मण व विधायक उड़मुड़ श्री जसवीर सिंह राजा गिल भी मौजूद थे। इस मौके पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी को ओर से कैबिनेट मंत्री को गार्ड आफ ऑनर भी दिया गया।
स्पोर्टस पार्क का मुआयना करने के बाद कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा खेलों के प्रति तब उत्साहित होंगे जब उन्हें हर गांव में मल्टीपर्पज स्पोर्टस पार्क मिलेंगे और पंजाब सरकार इसी दिशा में कार्य करते हुए प्रदेश के गांवों में इस तरह के स्र्पोट्स पार्क तैयार करवा रही है ताकि प्रदेश का युवा नशे को त्याग खेलों में अपने कैरियर को संवार सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य फोकस खेल, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है।
श्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि गांव खैरा कोटली में बन रहे मल्टीपर्पज स्र्पोट्स पार्क में हाकी, फुटबाल, क्रिकेट, बास्केटबाल, वालीबाल ग्राउंड के अलावा वार्किंग पाथ(महिला व बुजुर्गों के लिए), चिल्ड्रन पार्क, ओपन जिम व क्रास फिटनेस जिम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्पोर्टस पार्क का कार्य 4 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इससे पहले उन्होंने टांडा उड़मुड़ के सरकारी कालेज का दौरा कर वहां करवाई जाने वाले खेल गतिविधियों व जरुरतों के बारे में जानकारी हासिल की।
इस मौके पर एस.डी.एम. दसूहा श्री हरबंस सिंह, डी.एस.पी. दसूहा श्री बलबीर सिंह, बी.डी.पी.ओ. श्री धनवंत सिंह रंधावा के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।
फोटो : कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर दसूहा के गांव खैरा कोटली में बन रहे मल्टीपर्पज स्पोर्टस पार्क का मुआयना करते हुए। साथ विधायक दसूहा श्री कर्मवीर सिंह घुम्मण, विधायक उड़मुड़ श्री जसवीर सिंर राजा गिल व अन्य, कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर के टांडा उड़मुड़ के सरकारी कालेज में पहुंचने पर स्वागत करते विधायक उड़मुड़ जसवीर सिंर राजा गिल, विधायक दसूहा कर्मवीर सिंह घुम्मण व अन्य।
—








