ग्रेटर कैलाश फेस 2 एक घर में हुई चोरी को बटाला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ट्रेस करके आरोपी को चोरी किए समान समेत किया गिरफ्तार
बटाला 23 जून (अविनाश शर्मा ) गत दिनों पुलिस जिला बटाला में पड़ते ग्रेटर कैलाश फेस-2 में एक घर में हुई चोरी को बटाला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ट्रेस करके आरोपी से चोरी किया गया सामान जेवर, नगदी बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
यहां के एस.एस.पी राजपाल सिंह संधू के दिशा निर्देश पर डी.एस.पी सिटी देव सिंह द्वारा अपने कार्यलय में प्रैस कांन्फ्रैस दौरान जानकारी देते हुए कहा कि ग्रेटर कैलाश में चोरी होने के मामले की शिकायत मिली, जिसे लेकर थाना सिविल लाईन के इंस्पैक्टर सुरिन्द्रपाल सिंह, ए.एस.आई अशोक कुमार, सिम्बल चौंकी इंचार्ज व अन्य पुलिस पार्टी ने अत्याधुनिक ढंग से जांच पड़ताल कर 24 घंटे में चोरी की वारदात को सुलझाने का दावा किया है।
डी.एस.पी देव सिंह ने आगे बताया कि 22 जून को अमनदीप सिंह पुत्र भूपिन्द्र सिंह वासी ग्रेटर कैलाश फेस 2 ने पुलिस को शिकायत की कि 21 जून को करीब रात्रि 10 बजे अपनी दुकान बंद करके अपने पूरे परिवार सहित अपने पिता के घर गुरू नानक नगर खाना खाने गये और जब मध्यरात्री 12 बजे के करीब अपने घर ग्रेटर कैलाश वापिस आए तो देखा कि घर की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पाया कि अलमारी से 5 लाख 15 हजार रूपये नगदी, तीन गोल्ड सैट, 3 गोल्ड ब्रैसलेट, डायमंड के दो टापस, एक डायमंड का ब्रैसलेट, 4 डायमंड की अंगूठियां, एक सटिंग सैट, एक लेडिज घड़ी और एक आई फोन चोरी होना पाया गया।
चोरी के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए काबू किये गये आरोपी की पहचान मंगल दास पुत्र रतन चंद वासी गांधी कैंप के तौर पर हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाईन में जुर्म 452, 360 भ.द के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को काबू करके 3 लाख पांच हजार रूपये नगद, एक गोल्ड सैट, तीन गोल्ड ब्रैसलेट, चार डायमंड की अंगूठियां, एक सटिंग सैट, एक लेडिज घड़ी, दो डायमंड के टापस, एक आई फोन बरामद किया है।








