फगवाड़ा(ब्यूरो)
* महिला ने पत्रकार वार्ता कर लगाया आरोप
16 नवंबर : फगवाड़ा के थाना सतनामपुरा के अन्तर्गत न्यू ध्यान सिंह नगर की रहने वाली एक महिला ने उसकी पुत्री से दर्जन भर हथियारबंद लोगों द्वारा की गई मारपीट के मामले में पुलिस पर कोई कार्यवाही न करने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय रैस्ट हाऊस में पत्रकार वार्ता के दौरान बलवीर कौर पत्नी मंदीप सिंह वासी न्यू ध्यान सिंह नगर ने बताया कि उनके पति की दुकान सतनामपुरा क्षेत्र में है। उनकी पड़ोसन जसवीर कौर पत्नी सुदेश कुमार द्वारा अपने गटर का पानी निकाल कर उनकी दुकान की तरफ फैंकने को लेकर 31 अक्टूबर को विवाद हुआ था। तब उन्होंने महिला के खिलाफ गाली गलौच करने, घर के बाहर रखे गमले तोडऩे और सीसीटीवी कैमरे तोडऩे की कोशिश को लेकर थाना सतनामपुरा में लिखित शिकायत दी थी जिसका नंबर 497/31.10.22 है। महिला ने अपने पति मंदीप सिंह व बेटी लवलीन कौर की उपस्थिति में बताया कि तब पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 6 नवंबर दिन रविवार को सांयकाल करीब 7 बजे जब वह अपने पति तथा बेटी के साथ बाजार से लौट रही थी तो देखा कि गली में उनके घर के बाहर करीब एक दर्जन हथियारबंद लोग मौजूद थे जिन्होंने उनके बिजली के मीटर तथा सी.सी.टी.वी की तारों को काट दिया। तब उसने अपने पति को वहां से भगा दिया ताकि उन्हें कोई नुक्सान न पहुंचा सकें लेकिन हथियारबंद लोगों ने उस पर तथा उसकी बेटी पर हमला बोल दिया। उसकी बेटी लवलीन कौर के हाथ में मोबाईल फोन था जिसके कवर में करीब दस हजार रुपए थे। मारपीट में उसकी बेटी के हाथ से मोबाईल फोन नीचे गिर गया। तब उन्होंने शोर मचाया तो हमलावर बेटी का मोबाईल फोन उठा कर वहां से भाग गये। बलवीर कौर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की सरकारी अस्पताल में एम.एल.आर. कटवाई और अगले दिन 7 नवंबर को ए.एस.आई. मनजीत सिंह ने उसकी बेटी का बयान लिखा लेकिन आज तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। महिला के अनुसार वह हमलावरों में से एक व्यक्ति को पहचानती है और सीसीटीवी की तार काटे जाने से पहले की फुटेज भी मौजूद है पर न तो पुलिस द्वारा उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही। महिला के पति मंदीप सिंह ने बताया कि इस घटना के बाद उनका परिवार दहशत में है और सुरक्षा के अभाव में वे लोग अपने घर भी नहीं जा पा रहे। पीडि़ता लवलीन कौर ने कहा कि एक तरफ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जनता को बढिय़ा शासन-प्रशासन देने का दावा करते हैं तो दूसरी तरफ उन्हें न्याय के लिए थाने में धक्के खाने पड़ रहे हैं। उक्त परिवार ने पुलिस के आला अधिकारियों तथा पंजाब सरकार से न्याय की गुहार लगाई है।
तस्वीर सहित।








